मंडल स्तर पर हुई शूटिंग रेज प्रतियोगिता में आर्य वैदिक कन्या इंटर काॅलेज की 11 छात्राओं का चयन 65 वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में हो जाने पर काॅलेज व चयनित छात्राओं के अभिभावकों में खुशी की लहर है। छात्राओं के चयन पर पूर्व विधायक ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनको शुभकामनाएं दी।
आर्य वैदिक कन्या इंटर काॅलेज किवाना की प्रधानाचार्य श्रीमति कमलेश ने बताया कि दिनांक 07 सितम्बर को उनके काॅलेज में जिला स्तर की अंडर 17 शूटिंग रेंज प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें उनके विद्यालय की 11 छात्राओं ने मंडल स्तर के लिए जगह बनाई थी। 09 सितम्बर को मुजफ्फरनगर के डी ए वी इंटर काॅलेज में मंडल स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें काॅलेज की तरफ से कीर्ति मलिक, शुगन, तनु, मानसी, रानी मलिक, आंचल, दीपांशी, शगुन चैहान, भारती, आरती व मानसी ने प्रतिभाग किया था। जहां पर काॅलेज की सभी छात्राओं ने काॅलेज का नाम रोशन करते हुए प्रदेश स्तर में अपनी जगह बनाई है। प्रधानाचार्या ने जानकारी देते हुए बताया कि 65 वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी राइफल शूटिंग प्रतियोगिता 2019 (सभी वर्गों में) का आयोजन 17 सितम्बर से 19 सितम्बर को जनपद मेरठ के महर्षि दयानन्द सरस्वती इंटर काॅलेज पिलौना, तहसील मवाना, मेरठ में किया जाएगा। जिसको लेकर काॅलेज से चयनित सभी 11 छात्राओं में उत्साह है। छात्राओं के प्रदेश स्तर पर चयन हो जाने से काॅलेज व चयनित छात्राओं के अभिभावकों में खुशी की लहर है। छात्राओं के चयन पर पूर्व विधायक बलबीर सिंह मलिक किवाना व काॅलेज के प्रबन्धक ओमबीर सिंह ने चयनित छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। पूर्व विधायक बलबीर सिंह मलिक किवाना ने कहा कि हमारे क्षेत्र की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नही है। अगर उनकी प्रतिभा की साथ थोडी सी मेहनत कर उनको आगे आने के लिए प्रेरित किया जाएं तो आने वाले समय में यहां की छात्राएं क्षेत्र व विद्यालय का नाम बुलन्दियों पर ले जायेगी।