शामली : ग्रामताना में देव प्रतिमा खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश पुलिस ने ग्रामीणों को दिया आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन  पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों पर दर्ज किया मुकदमा 
ताना में देव प्रतिमा खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश

पुलिस ने ग्रामीणों को दिया आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन 

पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों पर दर्ज किया मुकदमा 

शामली। गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव ताना में असामाजिक तत्वों ने एक मंदिर में देव मूर्ति को खंडित कर दिया। सीओ थानाभवन व गढीपुख्ता थानाध्यक्ष तुरंत मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझा बुझाकर किसी प्रकार शांत कराते हुए मूर्ति को मौके से हटवाया। घटना में अज्ञात असामाजिक तत्वों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। 

जानकारी के अनुसार गढीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव ताना में मंदिर स्थित है। सोमवार की रात हुई बारिश के चलते मंदिर के पुजारी अमन गिरी मंदिर में बने कमरे में सोने के लिए चले गए। देर रात किन्हीं असामाजिक तत्वों ने मंदिर में घुसकर वहां स्थापित की गयी देव प्रतिमा को खंडित कर दिया। मंगलवार की सुबह जब पुजारी मंदिर खोलने के लिए पहुंचे तो उन्होंने देव प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा जिसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना तुरंत गढीपुख्ता पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा प्रतिमा को अपने कब्जे में लेते हुए तुरंत उसे वहां से हटवा दिया। सूचना मिलते ही सीओ थानाभवन अमित सक्सेना व थानाध्यक्ष गढीपुख्ता संदीप बालियान भी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत किया। 

 

इन्होंने कहा...

किन्हीं असामाजिक तत्वों द्वारा हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, पुलिस ने प्रतिमा को मौके से हटवा दिया है। मंदिर के पुजारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव जैसा कोई मामला नहीं है।

-संदीप बालियान, थानाध्यक्ष गढीपुख्ता